हरदोई में डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, पिता की मौत, बेटी गंभीर घायल, दुर्गागंज के पास हुआ भीषण हादसा

हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर दुर्गागंज हाईवे के पास रविवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। भीषण हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बेटी की दो माह पहले ही शादी तय हुई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि ग्राम धाधामऊ निवासी उमेश अपनी बेटी ज्योति के साथ बाइक से सर्विस रोड के रास्ते सुरसा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दुर्गागंज हाईवे के पास मौरंग लदे डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उमेश गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनकी बेटी ज्योति भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उमेश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, ज्योति की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने उमेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है। डंपर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
परिजनों के अनुसार, उमेश के पांच बेटियां और तीन बेटे हैं। घायल ज्योति की शादी दो माह पहले ही तय हुई थी। पिता की मौत और बेटी के गंभीर घायल होने से परिवार में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।