एशियाई खेलों में उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, देश को दिलाए 11 पदक

दिल्ली। उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने एशियाई खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय खेलों में अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। उत्तर रेलवे के 14 खिलाड़ियों ने एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें से खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण और एक कांस्य सहित कुल 11 पदक देश की झोली में डाले। वहीं तीन अन्य खिलाड़ियों ने भी विभिन्न खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

कुश्ती में उत्तर रेलवे के अमन ने 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। कबड्डी में पूजा और आशु मलिक ने भारतीय महिला और पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया।

हॉकी में भी उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों ने देश की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। यशदीप सिवाच स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हिस्सा रहे। वहीं नेहा, इशिका, शिल्पी डबास और साक्षी राणा ने भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

मुक्केबाजी में उत्तर रेलवे की प्रिया ने 60 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश की पदक तालिका में एक और पदक जोड़ा।

महिला क्रिकेट में उत्तर रेलवे की रेणुका ठाकुर और प्रतिका रावल स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहीं। इसके अलावा जेमश कीथेलाक्रम और विश्वजीत सिंह ने साइकिलिंग तथा अनीश ने निशानेबाजी में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

उत्तर रेलवे के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि उत्तर रेलवे और उत्तर रेलवे खेल संघ के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से रेलवे में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के प्रयासों को भी मजबूती मिली है। इन खिलाड़ियों की सफलता रेलवे के उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।

उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे खेल संघ के अध्यक्ष, प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता, मानद महासचिव तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगी स्टाफ और संबंधित अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि ने देश और उत्तर रेलवे दोनों का गौरव बढ़ाया है।