आप पार्टी जिला कार्यालय पर मनाई गई गांधी एवं शास्त्री जयंती

पीलीभीत। आम आदमी पार्टी पीलीभीत के जिला कार्यालय पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी एवं सत्याग्रह के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के ईमानदारी, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति के आदर्शों को याद किया। उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलने और समाज व देशहित में जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव एडवोकेट संजय कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने अपने सरल जीवन और दृढ़ नेतृत्व से ईमानदारी एवं राष्ट्रसेवा की मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के विचारों को केवल स्मरण तक सीमित न रखकर अपने व्यवहार और सामाजिक जीवन में अपनाने की आवश्यकता है।

जिलाध्यक्ष पंचायत प्रकोष्ठ विनोद कुमार भारती ने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन त्याग, सादगी और जनसेवा की प्रेरणा देता है। उनके विचार आज भी समाज और देश के लिए प्रासंगिक हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आम लोगों के बीच रहकर जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का आह्वान किया।राघव गिहार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन संघर्ष और देश के प्रति योगदान पर प्रकाश डाला तथा उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान श्रीपाल, राजवीर सिंह, कुँवरलाल, नन्हे श्रीवास्तव, लालू, सुबोध सिंह सहित कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।