उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में ‘एक घंटा, एक दिन, एक साथ’ अभियान के तहत श्रमदान

प्रयागराज। स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज में ?स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026? के तहत ?एक घंटा, एक दिन, एक साथ? अभियान चलाया गया। महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह के निर्देश पर आयोजित अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेडे ने अभियान में सहभागिता करते हुए श्रमदान का नेतृत्व किया। प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिल कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न प्रधान विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी मुख्यालय परिसर में सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

श्रमदान के दौरान मुख्यालय परिसर से करीब 250 किलोग्राम कचरा एकत्र किया गया, जिसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत उचित तरीके से निस्तारित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यस्थल तथा आसपास के परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया गया।

अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेडे ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक कार्यप्रणाली और व्यवहार का हिस्सा बनाया जाना जरूरी है। सामूहिक सहभागिता से स्वच्छ और स्वस्थ कार्य वातावरण तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

उत्तर मध्य रेलवे में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक ?स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026? मनाया जा रहा है। इसके तहत मंडलों, कारखानों, विभिन्न इकाइयों और कार्यालयों में स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य पर्यावरण एवं हाउसकीपिंग प्रबंधक के समन्वय में पर्यावरण अनुभाग द्वारा किया गया।