सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर अंबाला मंडल की विशेष पहल

अंबाला। उत्तर रेलवे के अंबाला मंडल द्वारा ?स्वच्छता ही सेवा-2026? अभियान के तहत स्वच्छता कार्यों के साथ सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और सामाजिक कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को मंडल रेलवे अस्पताल अंबाला एवं पटियाला सहित कालका, यमुनानगर, धुरी और बठिंडा की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में सफाई मित्रों एवं अन्य कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य जांच और जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।

शिविरों में रेलवे के सामुदायिक एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच की। आवश्यकता के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श और कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई। कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वच्छता तथा सुरक्षित शौचालय के उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।

सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट भी वितरित की गईं। अधिकारियों ने बताया कि पीपीई किट के नियमित उपयोग से सफाई कार्य के दौरान संभावित स्वास्थ्य जोखिमों से बचाव में मदद मिलेगी और कर्मचारी अधिक सुरक्षित वातावरण में कार्य कर सकेंगे।

स्वास्थ्य जांच के साथ सफाई कर्मचारियों को केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जन-धन योजना शामिल हैं। कर्मचारियों को इन योजनाओं की पात्रता, लाभ और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

अंबाला मंडल की इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता अभियान से जुड़े कर्मचारियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सुरक्षित कार्य वातावरण और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना है। मंडल द्वारा स्वच्छता कार्य में योगदान देने वाले सफाई मित्रों के कल्याण को अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।