सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर फिरोजपुर मंडल में विशेष शिविर

फिरोजपुर। ?स्वच्छता ही सेवा? अभियान के अंतर्गत फिरोजपुर मंडल में सफाई मित्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर विशेष सुरक्षा एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। मंडल चिकित्सालय फिरोजपुर में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रंजना सहगल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सफाई कर्मियों की चिकित्सा जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।

इसके अलावा लुधियाना, अमृतसर, जालंधर सिटी और जालंधर कैंट सहित विभिन्न रेलवे स्टेशनों एवं स्वास्थ्य इकाइयों में भी स्वास्थ्य शिविर लगाए गए। शिविरों का मुख्य उद्देश्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता व्यवस्था संभालने वाले सफाई मित्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करना रहा।

शिविर के दौरान सफाई मित्रों को सुरक्षा किट और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। साथ ही उनकी स्वास्थ्य जांच कर उन्हें व्यक्तिगत सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी जानकारी दी गई। वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता भूपेन्द्र ने सफाई मित्रों के सराहनीय योगदान के लिए उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने कहा कि फिरोजपुर मंडल अपने अग्रिम पंक्ति के स्वच्छता कर्मियों के कल्याण और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे परिसरों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है और उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।