जोधपुर स्टेशन पर डीआरएम और मजिस्ट्रेट का रियलिटी चेक, यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा

जोधपुर। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए सोमवार शाम मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेलवे परिणय जोशी ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति देखी।

निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, स्टेशन भवन, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, टिकट काउंटर, पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई की स्थिति की भी पड़ताल की और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने अधिकारियों को यात्री सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन परिसर में अनधिकृत विक्रेताओं, बेटिकट यात्रियों और अन्य अनधिकृत गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए रेलवे मजिस्ट्रेट के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेलवे परिणय जोशी ने रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी प्रावधानों के तहत त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने यात्रियों को रेलवे नियमों के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता भी बताई।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय मनोहर सिंह, रेलवे निरीक्षक, रेलवे न्यायालय का स्टाफ तथा जीआरपी और आरपीएफ के निरीक्षक मौजूद रहे।