इज्जतनगर मंडल में पेयजल की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी, 42 जांच में सभी नमूने मानकों पर खरे

बरेली। यात्रियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को मंडल के विभिन्न स्थानों पर 42 अवशिष्ट क्लोरीन जांच की गईं, जिनमें सभी नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप पाए गए।

पेयजल की गुणवत्ता को लेकर मंडल प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है। इसी क्रम में पानी की जीवाणु संबंधी गुणवत्ता की जांच के लिए नौ जल नमूने भी लिए गए हैं। इन नमूनों की जांच के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि यात्रियों और रेलकर्मियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो।

रेलवे स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षकों और इंजीनियरिंग विभाग की टीमें नियमित अंतराल पर पानी के नमूने ले रही हैं। नमूनों में अवशिष्ट क्लोरीन के साथ-साथ जीवाणु संबंधी गुणवत्ता की भी जांच की जाती है।

इसके अलावा रेलवे प्रशासन की ओर से पानी की टंकियों, वाटर कूलर, नल, जल फिल्टर, पाइप लाइनों और पेयजल वितरण केंद्रों की नियमित सफाई एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पेयजल व्यवस्था को स्वच्छ, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखना है।

इज्जतनगर मंडल की यह पहल यात्रियों और रेलकर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के साथ स्वच्छता एवं सुरक्षित पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।