आंधी-बारिश से बिजली आपूर्ति ध्वस्त, जनजीवन प्रभावित

आलापुर (अंबेडकरनगर)। चक्रवाती तूफान और लगातार हो रही बारिश के बीच आलापुर विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। तेज आंधी और बारिश के कारण जनजीवन बेहाल है और लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है।

पिछले तीन दिनों से मौसम खराब है। रुक-रुककर हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते पेयजल आपूर्ति समेत लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। हालांकि, रिमझिम बारिश ने उमस और गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत दी है, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने क्षेत्र में कई तरह की मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।

पिछले चार दिनों से आसमान में बादल छाए हुए हैं। ठंडी हवाओं और रुक-रुककर हो रही बारिश के बीच विधानसभा क्षेत्र के नगरीय और ग्रामीण इलाकों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के साथ तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभों पर पेड़ और डालियां गिर गईं, जिससे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।

बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग, बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज में परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने के साथ बिजली के खंभे भी धराशायी हो गए हैं। इन्हें ठीक करने के लिए बिजली विभाग के कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों में जुटे हुए हैं, लेकिन लगातार खराब मौसम के कारण राहत कार्य प्रभावित हो रहा है।

अधिशासी अभियंता ए.के. यादव ने बताया कि चक्रवाती तूफान के कारण विद्युत आपूर्ति बहाल करने में कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश और तेज हवाओं के दौरान बिजली की लाइनें बार-बार ट्रिप हो रही हैं।

अवर अभियंता रमेश कुमार यादव ने बताया कि कर्मचारी सुबह से ही विपरीत परिस्थितियों में लाइन दुरुस्त करने में जुटे हैं। चिन्हित स्थानों पर टीमें भेजकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।

लगातार खराब मौसम और बिजली आपूर्ति में व्यवधान के चलते क्षेत्र की सामान्य दिनचर्या प्रभावित हुई है। लोगों को उम्मीद है कि मौसम में सुधार के साथ ही विद्युत आपूर्ति भी जल्द सामान्य हो जाएगी।