12 रेल सेवाओं के संचालन समय में बदलाव, 3 अक्टूबर से लागू होंगे संशोधन

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन व्यवस्था में सुधार के लिए 12 रेल सेवाओं के मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक परिवर्तन किया है। नए समय के अनुसार कुछ ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान में बदलाव किया गया है। यह बदलाव अलग-अलग ट्रेनों के लिए 2 से 4 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होंगे।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार असारवा-उदयपुर सिटी सुपरफास्ट और उदयपुर सिटी-असारवा सुपरफास्ट के कई स्टेशनों पर समय में परिवर्तन किया गया है। इसी तरह इंदौर-असारवा और असारवा-इंदौर एक्सप्रेस के मार्ग में भी कुछ स्टेशनों पर नया संचालन समय लागू होगा।

असारवा-आगरा कैंट सुपरफास्ट और आगरा कैंट-असारवा सुपरफास्ट के शामलाजी रोड, डूंगरपुर, जावर, हिम्मतनगर और असारवा स्टेशनों पर संचालन समय में आंशिक बदलाव किया गया है। वहीं योगनगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी त्रि-साप्ताहिक रेलसेवा के राणाप्रतापनगर स्टेशन पर भी समय में संशोधन किया गया है।

इसके अलावा असारवा-चित्तौड़गढ़ मेमू और चित्तौड़गढ़-असारवा मेमू के मार्ग में आने वाले कई स्टेशनों पर संचालन समय बदला गया है। असारवा-कोटा द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस के भी असारवा, सरदारग्राम, नांदोल दहेगाम, हिम्मतनगर, डूंगरपुर, उदयपुर सिटी, राणाप्रतापनगर, मावली, फतेहनगर, कपासन, चंदेरिया, मांडलगढ़ और बूंदी सहित विभिन्न स्टेशनों पर समय में आंशिक परिवर्तन किया गया है।

मंदसौर-उदयपुर सिटी रेलसेवा में भी महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। 3 अक्टूबर को यह ट्रेन उदयपुर सिटी के बजाय राणाप्रतापनगर तक ही संचालित होगी। इसके अलावा मार्ग के कई स्टेशनों पर इसके संचालन समय में आंशिक संशोधन किया गया है। वहीं उदयपुर सिटी-मंदसौर रेलसेवा 3 अक्टूबर को उदयपुर सिटी के बजाय राणाप्रतापनगर से संचालित होगी और यहां भी संचालन समय में बदलाव रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले संबंधित ट्रेन के संशोधित समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।