हरदोई में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार की टक्कर से मां-बेटे और दामाद की मौत, बाइक से जा रहे थे तीनों

हरदोई। कोतवाली शहर क्षेत्र में शनिवार को बारिश के बीच भीषण सड़क हादसा हो गया। बावन रोड पर भिठारी गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार मां, बेटे और दामाद को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान ने बताया कि कोतवाली शहर पुलिस को भिठारी गांव के पास चार पहिया वाहन और मोटरसाइकिल के बीच दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने सोहेल (30) पुत्र सर्वेश और गुड्डी (55) पत्नी सर्वेश, निवासी भवनपुरवा थाना लोनार, तथा रमेश (40) पुत्र राजेंद्र, निवासी रामापुर छइया थाना लोनार को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग आपस में मां, बेटे और दामाद बताए जा रहे हैं। हालांकि, उनके आपसी संबंधों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।