त्योहारों पर जोधपुर-चेन्नई के बीच चलेगी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन तीन अक्टूबर से होगा संचालन, मेड़ता रोड-डेगाना-जयपुर होकर जाएगी ट्रेन

जोधपुर। त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने जोधपुर से एमजीआर चेन्नई सेंट्रल के बीच फेस्टिवल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में नौ-नौ फेरे लगाएगी। इससे राजस्थान के साथ मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के यात्रियों को त्योहार के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए जोधपुर-चेन्नई के बीच इस विशेष ट्रेन का संचालन मेड़ता रोड, डेगाना और जयपुर के रास्ते किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 04815 जोधपुर-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल साप्ताहिक विशेष ट्रेन 3 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार रात 9.20 बजे जोधपुर से रवाना होगी और सोमवार रात 8 बजे एमजीआर चेन्नई सेंट्रल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04816 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-जोधपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार शाम 5.15 बजे चेन्नई से रवाना होकर गुरुवार रात 8.30 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

19 डिब्बों की होगी ट्रेन

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में कुल 19 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 2 द्वितीय वातानुकूलित, 13 तृतीय वातानुकूलित, 2 शयनयान और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।

इन स्टेशनों पर रहेगा ठहराव

फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में मेड़ता रोड, डेगाना, मकराना, कुचामन सिटी, फुलेरा, जयपुर, दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, सोगरिया, बारां, छबड़ा गुगोर, रुठियाई, गुना, बीना, भोपाल, इटारसी, नागपुर, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, मंचेरियल, वारंगल, खम्मम, विजयवाड़ा, बापटला, चिराला, ओंगोल, नेल्लौर, गुडूर और नायडूपेटा स्टेशनों पर रुकेगी।

रेल प्रशासन के अनुसार त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस विशेष ट्रेन के संचालन से जोधपुर और चेन्नई के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।