तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का कहर, कई जगह बिजली पोल व विशालकाय पेड़ गिरे

बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले के कई स्थानों पर बिजली के पोल क्षतिग्रस्त होने के साथ ही विशालकाय पेड़ों के गिरने की घटनाएं सामने आई हैं ग्राम पंचायत चेर में शनिवार सुबह एनएच-43 बिलासपुर मार्ग पर एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से आवागमन प्रभावित हो गया। पेड़ बिजली के तारों के साथ सड़क पर गिरा बताया जा रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार बिजली के तार सड़क पर गिरने से करंट की चपेट में आने की आशंका बनी हुई है। वहीं बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ गिरने के कई घंटे बाद तक उसे सड़क से हटाने की कार्रवाई नहीं होने के कारण बड़े वाहनों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल पेड़ हटाने और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है इसी तरह रात के समय रामानुज हाई स्कूल के समीप बिजली का पोल गिरने से विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर विद्युत व्यवस्था को नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है वहीं गणेश विसर्जन के दौरान यातायात विभाग और पुलिस विभाग की मुस्तैदी के चलते किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। पुलिस और यातायात अमले की सक्रियता से विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ लगातार खराब मौसम के बीच प्रशासन और संबंधित विभागों से बिजली के क्षतिग्रस्त तारों तथा सड़कों पर गिरे पेड़ों को तत्काल हटाने की मांग की जा रही है।