महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए 30 सितंबर तक अनुशंसाएं आमंत्रित

बैकुंठपुर। जिला खेल अधिकारी, कोरिया द्वारा जानकारी दी गई है कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ द्वारा राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने वाले 'महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान वर्ष 2026-27' के लिए पात्र खिलाड़ियों से अनुशंसाएं आमंत्रित की गई हैं विभाग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्मान के लिए 20 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित प्रारूप में अनुशंसाएं प्रस्तुत की जा सकती हैं। यह सम्मान प्रतिवर्ष एक खिलाड़ी को प्रदान किया जा सकता है। चयनित खिलाड़ी को 1 लाख रुपये की नगद राशि, अलंकरण फलक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

तीरंदाजी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी होंगे पात्र

सम्मान के लिए ऐसे खिलाड़ी पात्र होंगे, जिन्होंने वर्ष 2025-26 में तीरंदाजी की सीनियर वर्ग राष्ट्रीय चैम्पियनशिप अथवा राष्ट्रीय खेलों में छत्तीसगढ़ की ओर से भाग लेते हुए स्वर्ण, रजत अथवा कांस्य पदक प्राप्त किया हो। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ी भी पात्र होंगे। निर्धारित परिस्थितियों में अन्य पात्र राष्ट्रीय स्तर के खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर भी नियमानुसार विचार किया जा सकेगासम्मान के लिए पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर संयुक्त रूप से विचार किया जाएगा। पात्रता के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का स्थानीय निवासी होना अथवा निर्धारित अवधि में छत्तीसगढ़ की मान्यता प्राप्त शैक्षणिक संस्था में नियमित रूप से अध्ययनरत होना अथवा राज्य के शासकीय, अर्धशासकीय अथवा सार्वजनिक उपक्रम में निरंतर कार्यरत होना आवश्यक है।

जीवनकाल में केवल एक बार मिलेगा सम्मान

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि महाराजा प्रवीरचंद्र भंजदेव सम्मान खिलाड़ी को उसके जीवनकाल में केवल एक बार प्रदान किया जाएगा। सम्मान के लिए निर्धारित अन्य नियमों एवं पात्रता शर्तों का पालन अनिवार्य होगा। शासकीय, अर्धशासकीय एवं सार्वजनिक उपक्रम के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए संबंधित विभागीय नियमों का पालन करने के साथ आवश्यक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करना भी अनिवार्य होगा जिला खेल अधिकारी ने जिले के पात्र एवं उत्कृष्ट खिलाड़ियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपनी उपलब्धियों से संबंधित आवेदन/अनुशंसा प्रस्तुत करें। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है। आवेदन केवल खेल एवं युवा कल्याण विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे। विभागीय वेबसाइट http//sportsyw.cg.gov.in पर अपलोड किए गए आवेदन ही मान्य होंगे।