प्रयागराज मंडल में राजभाषा हिंदी को बढ़ावा देने पर जोर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में अधिकारियों ने लिया हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग का संकल्प

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रयोग को और बढ़ावा देने के साथ अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें मंडल के शाखाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा नीति का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल में हिंदी के प्रयोग को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है और निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण रूप से हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने आवश्यक हैं।

उन्होंने सभी शाखाधिकारियों को अपने कार्यालयों में राजभाषा नीति का समुचित अनुपालन सुनिश्चित करने तथा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए कर्मचारियों को प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के अंतर्गत आने वाले दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किया जाना अनिवार्य है।

मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को अपने निरीक्षण के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रयोग की भी समीक्षा करने तथा निरीक्षण रिपोर्ट में संबंधित कार्यालय में हिंदी के प्रयोग और प्रसार की स्थिति का उल्लेख करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं अधिकाधिक कार्य हिंदी में करेंगे तो इससे अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

हिंदी के प्रयोग को बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयास

बैठक के प्रारंभ में अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी दीपक कुमार ने प्रयागराज मंडल में हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ाने के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने राजभाषा पखवाड़ा-2026 के तहत मंडल कार्यालय में आयोजित होने वाली राजभाषा प्रदर्शनी के संबंध में भी जानकारी साझा की।

दीपक कुमार ने संसदीय राजभाषा समिति द्वारा मंडल के अलीगढ़ स्टेशन के सफल निरीक्षण के लिए परिचालन विभाग को बधाई दी। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए नियमित रूप से कंप्यूटर पर हिंदी कुंजीयन कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।

इसके साथ ही महत्वपूर्ण स्टेशनों और कार्यालयों का नियमित निरीक्षण कर राजभाषा हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल में हिंदी के प्रयोग में लगातार वृद्धि हो रही है और तकनीकी एवं कार्यालयीन कार्यों में भी हिंदी का सहज तथा प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है।

अधिकारियों ने उत्साह से लिया प्रतियोगिता में हिस्सा

राजभाषा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत बैठक के दौरान अधिकारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें उपस्थित शाखाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में विभिन्न शाखाओं में राजभाषा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की गई और हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के संबंध में सुझाव भी दिए गए।

बैठक में मंडल के सभी शाखाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक वित्त प्रबंधक सह राजभाषा अधिकारी राजीव कुमार ने किया।