कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद स्टेशनों के विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद स्टेशनों के विकास कार्यों में तेजी के निर्देश

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने कानपुर अनवरगंज?फर्रुखाबाद रेलखंड का किया निरीक्षण, यात्री सुविधाओं और संरक्षा पर दिया जोर

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने गुरुवार को कानपुर अनवरगंज?फर्रुखाबाद रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए जा रहे कन्नौज, गुरसहायगंज और फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को सभी कार्य उच्च गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रेलपथ, ओएचई, प्वाइंट एवं क्रॉसिंग, समपार फाटकों और प्रमुख पुलों की स्थिति का जायजा लिया गया। महाप्रबंधक ने रेल परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव और संरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

मन्धना में प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर की समीक्षा

निरीक्षण की शुरुआत मन्धना रेलवे स्टेशन से हुई। यहां महाप्रबंधक ने कानपुर अनवरगंज?मन्धना के बीच प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना के ले-आउट प्लान का अवलोकन किया और अधिकारियों के साथ परियोजना की कार्ययोजना एवं प्रगति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्टेशन पर प्लेटफॉर्म सरफेस, स्ट्रीट लाइट और स्टोर रूम का भी निरीक्षण किया तथा यात्री सुविधाओं में वृद्धि और स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण के कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।

कन्नौज स्टेशन पर विकास कार्यों की समीक्षा

कन्नौज रेलवे स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, स्टेशन कॉनकोर्स, प्लेटफॉर्म, निर्माणाधीन लिफ्ट, एस्केलेटर और फुट ओवर ब्रिज के कार्यों की प्रगति देखी।

उन्होंने रेलवे कॉलोनी में रहने वाले रेल कर्मचारियों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और आवश्यक सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

गुरसहायगंज स्टेशन पर यात्री सुविधाओं पर विशेष जोर

गुरसहायगंज स्टेशन पर महाप्रबंधक ने सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, आधुनिक शौचालय, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, फुट ओवर ब्रिज और निर्माणाधीन पानी की टंकी का निरीक्षण किया। रेलवे कॉलोनी में रेल कर्मचारियों और उनके परिवारजनों से भी बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने कॉलोनी में स्वच्छता और कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था की भी जांच की और अवशिष्ट क्लोरीन तथा बैक्टीरियोलॉजिकल गुणवत्ता की जांच अपने सामने कराई। उन्होंने यात्रियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

फर्रुखाबाद स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से संवारने पर जोर

निरीक्षण के अंतिम चरण में फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचकर महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास एवं पुनर्विकास कार्यों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म और निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज का निरीक्षण किया।

इसके साथ ही पार्सल कार्यालय और गुड्स शेड में व्यापारियों एवं श्रमिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता और तय मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने निरीक्षण के दौरान संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार, स्वच्छता और रेलवे परिसंपत्तियों के बेहतर रखरखाव पर विशेष जोर दिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों से इन स्टेशनों पर यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं मिलने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है।