दिल्ली से चोरी एक्टिवा और दो मोबाइल के साथ युवक गिरफ्तार, कासगंज स्टेशन पर जीआरपी ने दबोचा

कासगंज। रेलवे स्टेशन कासगंज के सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग के दौरान जीआरपी ने दिल्ली से चोरी हुई होंडा एक्टिवा स्कूटी और दो मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। बरामद मोबाइल में आईफोन 16 प्रो मैक्स भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि उसकी डिग्गी में एक नंबर प्लेट मिली। जांच के दौरान स्कूटी का असली नंबर सामने आने पर उसके दिल्ली से चोरी होने की पुष्टि हुई।

22 सितंबर की रात करीब 8:40 बजे जीआरपी टीम कासगंज रेलवे स्टेशन के मेन गेट स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा लेकर एक युवक आता दिखाई दिया। स्कूटी पर नंबर प्लेट नहीं होने पर पुलिस ने युवक को रोककर वाहन के कागजात और मालिक के बारे में जानकारी मांगी, लेकिन वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

पुलिस ने स्कूटी की डिग्गी खुलवाई तो उसमें DL06DX4548 नंबर की प्लेट मिली। ई-चालान एप पर इस नंबर की जांच की गई, लेकिन उसका कोई विवरण नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी के चेसिस नंबर के आधार पर जांच की तो उसका वास्तविक नंबर DL3SEX3102 सामने आया।

पुलिस ने वास्तविक नंबर को भारत सरकार के जिपनेट पोर्टल पर चेक किया तो पता चला कि स्कूटी के चोरी होने के संबंध में दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर थाने में मुकदमा दर्ज है। इसके बाद पुलिस ने स्कूटी के पंजीकृत मालिक भीष्म दाहिमा पुत्र सत्यपाल दाहिमा, निवासी जमरूदपुर गांव, ग्रेटर कैलाश, साउथ दिल्ली से फोन पर संपर्क किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी स्कूटी 9 सितंबर 2025 को दिल्ली के मूलचंद अस्पताल से चोरी हुई थी और तब से उसका कोई पता नहीं चला था।

स्कूटी चोरी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली। उसके कब्जे से आईफोन 16 प्रो मैक्स और एक अन्य एंड्राइड मोबाइल फोन बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रजत कुमार पुत्र मलखान सिंह, निवासी खेड़िया बहादुरगढ़ी, थाना अतरौली, जिला अलीगढ़, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई।

जीआरपी कासगंज ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन स्वामी और दिल्ली पुलिस को उचित माध्यम से सूचना दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुंतल, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार, रविंद्र कुमार, अनुरुद्ध कुमार, भोजपाल सिंह और कांस्टेबल प्रहलाद सिंह शामिल रहे।