नवागत डीएम राहुल पांडे ने संभाला हरदोई का कार्यभार, बोले- जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता, शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

हरदोई। नवागत जिलाधिकारी राहुल पांडे ने मंगलवार को ट्रेजरी कार्यालय पहुंचकर हरदोई जिलाधिकारी के पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। जिलाधिकारी अनुनय झा के मुरादाबाद तबादले के बाद शासन ने राहुल पांडे को हरदोई का जिलाधिकारी नियुक्त किया है।
कार्यभार ग्रहण करने से पहले राहुल पांडे राज्य कर विभाग में राज्य कर सचिव के पद पर तैनात थे। इससे पूर्व वह जिलाधिकारी के रूप में हमीरपुर और हाथरस की कमान संभाल चुके हैं। प्रशासनिक अनुभव के साथ अब उन्हें हरदोई की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी राहुल पांडे ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और शासन की प्राथमिकताओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी गंभीरता से कार्य करें।
उन्होंने विभागीय समन्वय बनाए रखने तथा जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नवागत जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए जनपद के विकास और जनहित को प्राथमिकता देने की अपेक्षा जताई।