समाधान दिवस में 18 शिकायतें पहुंचीं, चार का मौके पर निस्तारण

कासगंज। तहसील कासगंज में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने बिजली के अधिक बिल, पेंशन, राशन कार्ड, भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जे, राजस्व और भूमि विवाद समेत विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में हुए समाधान दिवस में कुल 18 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके प्रभावी और गुणवत्तापरक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापरक और निष्पक्ष निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे पीड़ितों को संतुष्टि मिल सके। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

समाधान दिवस में अधिक धनराशि के बिजली बिल आने, विधवा और वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने, राशन कार्ड बनवाने, भूमि की पैमाइश, अवैध कब्जा हटवाने, राजस्व एवं भूमि विवाद, उत्पीड़न और आपसी विवाद से संबंधित शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए।

मौके पर निस्तारित की गई चार शिकायतों के अलावा प्राप्त अन्य प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपकर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न की जाए, बल्कि फरियादी की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी कासगंज, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, समस्त क्षेत्रीय खंड विकास अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।