मां वैष्णो देवी के जयकारों से गूंजा कटड़ा, सुहावने मौसम में सुचारू चल रही यात्रा

मां वैष्णो देवी के जयकारों से गूंजा कटड़ा, सुहावने मौसम में सुचारू चल रही यात्रा

आरएफआईडी कार्ड के साथ करें यात्रा, हेलीकॉप्टर सहित घोड़ा-पिट्ठू, पालकी, रोपवे और बैटरी कार की सुविधाएं उपलब्ध

कटड़ा। शारदीय नवरात्र से पहले मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए कटड़ा से सुखद खबर है। सुहावने मौसम और ठंडी हवाओं के बीच शनिवार को श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू रूप से जारी रही। देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालुओं में मां के दर्शन को लेकर उत्साह नजर आया। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा से लेकर सुविधाओं तक सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

शनिवार दोपहर तक मौसम पूरी तरह साफ रहा, जिसके चलते श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर सेवा का भी लाभ मिला। बाद में त्रिकूट पर्वत सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाने लगे और ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम में आए इस बदलाव से भवन की ओर बढ़ रहे श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत मिली और यात्रा का अनुभव और सुखद हो गया।

आरएफआईडी कार्ड के साथ ही करें यात्रा

मां वैष्णो देवी की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को पंजीकरण के बाद आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त करना जरूरी है। श्रद्धालु कार्ड लेकर ही भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। इससे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है।

वर्तमान में मां वैष्णो देवी यात्रा के सभी प्रमुख मार्ग सुचारू हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घोड़ा, पिट्ठू, पालकी, रोपवे और बैटरी कार सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध हैं। यात्रा मार्ग पर आपदा प्रबंधन दल के साथ श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारी व जवान भी तैनात हैं।

मौसम ने बदला रंग, श्रद्धालुओं को मिली ठंडी हवाओं की राहत

शनिवार को दिनभर बड़ी संख्या में श्रद्धालु कटड़ा पहुंचते रहे। पंजीकरण और आरएफआईडी कार्ड लेने के बाद श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ भवन की ओर रवाना हुए। सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंड महसूस होने लगी है। ऐसे में श्रद्धालु यात्रा के दौरान गर्म कपड़े भी साथ लेकर पहुंच रहे हैं।

मौसम में बदलाव को देखते हुए आने वाले दिनों में हल्की बारिश की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, फिलहाल यात्रा सामान्य रूप से चल रही है और मार्ग पर आवश्यक व्यवस्थाएं सक्रिय हैं।

बाबा भैरवनाथ के दर्शन के बाद कटड़ा बाजारों में बढ़ी रौनक

मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के चरणों में भी हाजिरी लगा रहे हैं। इसके बाद श्रद्धालु कटड़ा लौटकर प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य धार्मिक सामान की खरीदारी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही से कटड़ा के बाजारों में भी रौनक बनी हुई है।

लगातार बढ़ रहा श्रद्धालुओं का उत्साह

शुक्रवार को करीब 22 हजार श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दर्शन किए। वहीं शनिवार शाम चार बजे तक करीब 15 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्रद्धालुओं का कटड़ा पहुंचना लगातार जारी रहा।

मां के जयकारों से कटड़ा और यात्रा मार्ग भक्तिमय नजर आया। सुहावना मौसम, सुचारू यात्रा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं के बीच देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंच रहे श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ ?जय माता दी? के जयघोष के साथ भवन की ओर बढ़ते दिखाई दिए।