राजभाषा सप्ताह के समापन पर इज्जतनगर मंडल में सजा कवि सम्मेलन, कवियों ने बांधा समां

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में 14 से 18 सितंबर तक आयोजित राजभाषा सप्ताह समारोह-2026 का शुक्रवार को भव्य कवि सम्मेलन के साथ समापन हुआ। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी डॉ. उरबान सितांशु नाग सहित अन्य अधिकारियों के साथ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में डॉ. उरबान सितांशु नाग ने आमंत्रित कवियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कवि सम्मेलन का शुभारंभ बरेली के प्रसिद्ध गीत एवं गजलकार कमल सक्सेना की सरस्वती वंदना से हुआ। इसके बाद प्रख्यात कवि आनंद गौतम ने देश के उत्थान और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

वरिष्ठ गीतकार कमल सक्सेना ने अपने श्रृंगार रस से जुड़े गीतों से माहौल को भावपूर्ण बना दिया। वरिष्ठ कवि राजेश गौड़ ने पुरानी यादों और भावनाओं से जुड़ी रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को भावुक किया। वहीं आदर्श निकेतन इंटर कॉलेज, अटामांडा, बरेली के अध्यापक एवं कवि सचिन शर्मा ने बेटियों के महत्व पर आधारित कविता प्रस्तुत कर बेटी के जन्म को परिवार के लिए सुखद संदेश बताया।

कवि सम्मेलन का संचालन करते हुए डॉ. मुकेश ?मीत? ने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और उसके महत्व को रेखांकित करते हुए अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। पूर्व राजभाषा अधिकारी प्रभाकर मिश्र ने सामाजिक परिवेश और बदलते रिश्तों पर आधारित व्यंग्यात्मक रचनाओं से खूब वाहवाही लूटी। वहीं रेलवे के सेवानिवृत्त हास्य कवि पी.के. दीवाना ने हास्य-व्यंग्य की रचनाएं सुनाकर पूरे सभागार को ठहाकों से गूंजा दिया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि राजभाषा सप्ताह के दौरान मंडल में विभिन्न साहित्यिक आयोजन और प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि कवि सम्मेलन बेहद रोचक और मनोरंजक रहा। कवियों ने सरस्वती वंदना के साथ हास्य, श्रृंगार और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कर खुशनुमा माहौल बनाया।

उन्होंने कहा कि रेल अधिकारी और कर्मचारी संरक्षित एवं सुरक्षित रेल संचालन के लिए दिन-रात कार्य करते हैं। ऐसे साहित्यिक कार्यक्रमों के माध्यम से सभी को साहित्य और रचनात्मकता से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कवियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सह अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी डॉ. उरबान सितांशु नाग ने सभी अतिथियों, कवियों और उपस्थित रेलकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।