पुणे-बीड-पुणे दैनिक एक्सप्रेस की नियमित सेवा 22 सितंबर से

पुणे। मध्य रेल द्वारा मराठवाड़ा को महाराष्ट्र के पश्चिमी क्षेत्र से सीधा रेल संपर्क उपलब्ध कराने के लिए पुणे-बीड-पुणे दैनिक एक्सप्रेस की नियमित सेवाएं शुरू की जा रही हैं। ट्रेन संख्या 11433/11434 पुणे-बीड-पुणे एक्सप्रेस की नियमित सेवा पुणे से 22 सितंबर और बीड से 23 सितंबर 2026 से शुरू होगी।

ट्रेन संख्या 11433 पुणे-बीड एक्सप्रेस प्रतिदिन रात 10:45 बजे पुणे से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:00 बजे बीड पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 11434 बीड-पुणे एक्सप्रेस प्रतिदिन रात 9:30 बजे बीड से रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:20 बजे पुणे पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव उरुली, दौंड कॉर्ड लाइन, श्रीगोंदा रोड, अहिल्यानगर, नारायणदोहो, न्यू आष्टी और अमलनेर भंड्याचे स्टेशनों पर होगा।

ट्रेन में एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, दो वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, छह शयनयान श्रेणी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, एक द्वितीय श्रेणी सीटिंग सह गार्ड्स ब्रेक वैन और एक जनरेटर वैन सहित कुल 15 कोच होंगे।

ट्रेन संख्या 11433 और 11434 के लिए आरक्षण 20 सितंबर 2026 से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगा। अनारक्षित कोचों के लिए यात्री यूटीएस प्रणाली के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।

ट्रेन के ठहराव और समय की विस्तृत जानकारी के लिए यात्री भारतीय रेलवे की पूछताछ वेबसाइट या एनटीईएस ऐप का उपयोग कर सकते हैं। मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने यह जानकारी दी।