मुरादाबाद में भूकंप, रासायनिक हादसे और अग्नि सुरक्षा को लेकर मॉक एक्सरसाइज

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निर्देश और जिलाधिकारी तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के आदेश पर शुक्रवार को जिले में भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) हादसों एवं अग्नि सुरक्षा पर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न फायर स्टेशन क्षेत्रों में आयोजित अभ्यास के दौरान संबंधित विभागों की टीमों ने आपदा की स्थिति में त्वरित बचाव और राहत कार्यों का अभ्यास किया।

होटल क्लार्क इन सदर में वीएसए मुरादाबाद के पर्यवेक्षण में भूकंप से संबंधित मॉक ड्रिल कराई गई। वहीं अटल आवासीय विद्यालय बिलारी में मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुरादाबाद के पर्यवेक्षण में अग्निशमन एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

डीएसएम इंटर कॉलेज मुरादाबाद में जिला विद्यालय निरीक्षक के पर्यवेक्षण में आपातकालीन अस्पताल की व्यवस्था का अभ्यास कराया गया, जिसमें 20 बेड की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को मॉक ड्रिल के माध्यम से परखा गया।

ठाकुरद्वारा स्थित पशुपति एक्रेलॉन लिमिटेड में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में रासायनिक खतरे से निपटने को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान रासायनिक हादसे की स्थिति में बचाव, राहत और सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास किया गया।

मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर रेलवे प्रबंधन के पर्यवेक्षण में रेलवे दुर्घटना की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव कार्यों से संबंधित मॉक ड्रिल कराई गई। सभी स्थानों पर संबंधित फायर यूनिटें अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौजूद रहीं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का उद्देश्य विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान संबंधित विभागों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव एवं राहत कार्यों की तैयारियों को परखना और कमियों को दूर करना है।