मोदी के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प’ नहीं, बेरोजगारी, महंगाई और वादाखिलाफी दिवस के रूप में मनाने की मांग

बैकुण्ठपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को भाजपा द्वारा सेवा संकल्प? के रूप में मनाए जाने के बीच जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने केंद्र सरकार के कार्यकाल और चुनावी वादों को लेकर सवाल उठाए। शुक्रवार को राजीव भवन में आयोजित पत्रकारवार्ता में कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में किए गए कई वादों को लेकर जनता के सामने जवाबदेही तय होनी चाहिए। प्रदीप गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद महंगाई कम करने, हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने, किसानों की आय दोगुनी करने, काला धन वापस लाने और गरीबों को घर उपलब्ध कराने सहित कई घोषणाएं की गई थीं। कांग्रेस ने इन वादों की स्थिति पर केंद्र सरकार से जवाब मांगा। पत्रकारवार्ता में नोटबंदी, जीएसटी, बेरोजगारी, महंगाई, किसानों की समस्याओं, पेपर लीक, श्रमिक कानूनों और सार्वजनिक उपक्रमों से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, रोजगार, किसानों की आय, पेट्रोल-डीजल की कीमत, रुपये की स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब देने की मांग की। कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर सरकार के वादों और उनके क्रियान्वयन का हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए।

छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी? पर भी उठाए सवाल

पत्रकारवार्ता में कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के दौरान किए गए कथित वादों को लेकर भी सरकार को घेरा। कांग्रेस ने एक लाख सरकारी नौकरी, ₹500 में गैस सिलेंडर, अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण, बेरोजगारी भत्ता, छात्रों के परिवहन पास, 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना जारी रखने तथा किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल धान देने सहित विभिन्न मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, वरिष्ठ मुख्तार अहमद, अजय सिंह, गणेश राजवाड़े, सौरभ गुप्ता, विकास श्रीवास्तव, धीरज सिंह, परेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।