टिटवाला में रात 12:45 से 2:15 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल द्वारा टिटवाला स्टेशन पर रेल पटरियों के रखरखाव और यात्री सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए 18/19 सितंबर की मध्यरात्रि को विशेष ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक 19 सितंबर को रात 12:45 बजे से 2:15 बजे तक अप नॉर्थ ईस्ट लाइन पर किमी 63/43 और 63/55 के बीच स्थित प्वाइंट नंबर 109 और 113बी की टैम्पिंग के लिए संचालित होगा।

ब्लॉक के दौरान कसारा और कल्याण के बीच उपनगरीय ट्रेन सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसके चलते कई लोकल ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

सीएसएमटी से रात 11:16 बजे और 11:42 बजे टिटवाला के लिए रवाना होने वाली लोकल ट्रेनें रद्द रहेंगी। वहीं टिटवाला से रात 10:25 बजे और 11:14 बजे ठाणे के लिए रवाना होने वाली लोकल ट्रेनें भी रद्द रहेंगी।

इसके अलावा डोंबिवली से रात 10:00 बजे सीएसएमटी जाने वाली लोकल तथा कल्याण से रात 10:06 बजे सीएसएमटी जाने वाली लोकल को ठाणे स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा।

ब्लॉक से पहले और बाद की अंतिम-प्रथम लोकल

ब्लॉक से पहले डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन पर कसारा के लिए सीएसएमटी से अंतिम लोकल रात 12:08 बजे रवाना होगी। टिटवाला के लिए सीएसएमटी से अंतिम लोकल रात 10:50 बजे चलेगी।

वहीं अप नॉर्थ ईस्ट लाइन पर सीएसएमटी के लिए कसारा से अंतिम लोकल रात 10:00 बजे, जबकि ठाणे के लिए आसनगांव से अंतिम लोकल रात 11:08 बजे रवाना होगी।

ब्लॉक समाप्त होने के बाद डाउन नॉर्थ ईस्ट लाइन पर कसारा के लिए सीएसएमटी से पहली लोकल सुबह 4:19 बजे रवाना होगी। अप नॉर्थ ईस्ट लाइन पर सीएसएमटी के लिए कसारा से पहली लोकल सुबह 3:51 बजे और टिटवाला से पहली लोकल 3:56 बजे रवाना होगी।

रेल प्रशासन के अनुसार यह ब्लॉक रेल बुनियादी ढांचे के रखरखाव और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन सेवाओं में होने वाले बदलाव को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाएं और इस दौरान रेल प्रशासन के साथ सहयोग करें।

डॉ. स्वप्नील निला, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, मध्य रेल ने यह जानकारी दी।