जोधपुर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ, रेलकर्मियों ने ली स्वच्छता की शपथ

जोधपुर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में ?स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026? के तहत गुरुवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में स्वच्छता शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने अधिकारियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर रेल कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे कार्यशैली और दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यालय बेहतर कार्य वातावरण के साथ सकारात्मक माहौल भी तैयार करता है।

मंडल रेल प्रबंधक ने सभी अधीनस्थ कार्यालयों को अगले तीन दिनों में विशेष सफाई अभियान चलाकर कार्यालयों को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुंदर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अनावश्यक सामग्री हटाने, रिकॉर्ड एवं सामान को व्यवस्थित रखने तथा कार्यालय परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

उत्कृष्ट कार्यालयों को किया जाएगा पुरस्कृत

?स्वच्छता ही सेवा? अभियान के तहत विशेष स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले कार्यालयों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। डीआरएम ने सभी रेल कर्मचारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने कार्यस्थल को स्वच्छ और आकर्षक बनाने का आह्वान किया।

जोधपुर मंडल में 17 से 30 सितंबर तक विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता शपथ और जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी। इसके अलावा ज्ञानोदय स्कूल, विभिन्न विभागों, कोचिंग डिपो और अन्य रेलवे परिसरों में भी स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों और अभियान की जानकारी देने वाली विशेष प्रदर्शनी का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार जोशी ने किया।