अजमेर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का शुभारंभ, रेलकर्मियों ने ली स्वच्छता की शपथ

अजमेर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में गुरुवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत रखी गई है। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न स्वच्छता एवं जागरूकता गतिविधियों के साथ चलाया जाएगा।

अभियान के पहले दिन अजमेर मंडल कार्यालय सहित अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, आबू रोड, मावली जंक्शन, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर और डूंगरपुर रेलवे स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, विद्यालयों और अन्य संस्थानों में अधिकारियों, कर्मचारियों और सफाई कर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

मंडल कार्यालय में मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (पर्यावरण एवं गृह सज्जा) मनोज मीणा सहित बड़ी संख्या में रेल अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। मंडल रेल प्रबंधक सहित अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता सेल्फी स्टैंड पर सेल्फी लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

रेलवे स्टेशनों पर सूचना-पत्रकों और जनसंबोधन प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, अपशिष्ट प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के लिए विभिन्न अपशिष्ट शोधन संयंत्रों, बायोगैस संयंत्रों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन इकाइयों, जैव-शौचालय सेवा केंद्रों तथा मदार और उदयपुर कोचिंग डिपो की कोच धुलाई लाइनों एवं जल पुनर्चक्रण संयंत्रों में स्वच्छता ज्ञान यात्रा आयोजित की गई।

इसके अलावा रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में स्वच्छता एवं जल संचय संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिकारियों और पर्यावरण पर्यवेक्षकों ने कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों को गीले और सूखे कचरे को अलग करने, जल संरक्षण तथा वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक किया।