शिक्षा अदालत के जरिए 650 लोगों तक पहुंचा रेल संरक्षा का संदेश फर्रुखाबाद-कन्नौज रेलखंड पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों को किया जागरूक

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल की ओर से रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम और लोगों को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में फर्रुखाबाद-कन्नौज रेलखंड के बीच तीन प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के साथ ?शिक्षा अदालत? आयोजित की गई।

इसके साथ ही समपार संख्या 99/सी, 103/सी, 114/सी, 121/सी, 128/सी, 129/सी, 131/सी, 136/सी और 138/सी पर ग्रामीणों एवं सड़क उपयोगकर्ताओं को रेल संरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई।

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को रेलवे ट्रैक से जुड़ी सुरक्षा सावधानियों के बारे में बताया गया। लोगों से अपील की गई कि रेलवे ट्रैक को अनधिकृत स्थानों से पार न करें और केवल अधिकृत रेलवे फाटक से ही ट्रैक पार करें। इसके अलावा गेटमैन पर फाटक खोलने के लिए अनावश्यक दबाव नहीं बनाने की सलाह दी गई।

रेलवे अधिकारियों ने ट्रैक और विद्युत पोल से सुरक्षित दूरी बनाए रखने, पशुओं को रेलवे ट्रैक के पास न चराने, रेलवे लाइन के आसपास पतंग न उड़ाने और ट्रैक पर सेल्फी न लेने के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। ट्रैक पार करते समय हेडफोन का इस्तेमाल न करने की सलाह भी दी गई।

अभियान के दौरान करीब 650 हैंडबिल और पोस्टर वितरित किए गए। रेलवे का उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों तक रेल संरक्षा संबंधी जरूरी संदेश पहुंचाकर जनसहभागिता के माध्यम से रेल दुर्घटनाओं की रोकथाम करना रहा। कार्यक्रम में संरक्षा सलाहकार (इंजीनियरिंग) और संरक्षा सलाहकार (लोको) मौजूद रहे।