तेलंगाना के माननीय राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल का एम्स रायबरेली दौरा

रायबरेली।तेलंगाना के माननीय राज्यपाल श्री शिव प्रताप शुक्ल ने खाद्य एवं रसद, नागरिक आपूर्ति मंत्री, उत्तर प्रदेश डॉ. मनोज कुमार पाण्डेय के साथ एम्स रायबरेली का दौरा किया।इस अवसर पर बहुउद्देशीय सभागार (Multi-Purpose Hall) में प्रातः 11:30 बजे से 12:30 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने राज्यपाल महोदय का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकारी निदेशक डॉ आमिता जैन ने गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया।उन्होंने राज्यपाल महोदय एवं मंत्री महोदय के प्रति आभार प्रकट करते हुए संस्थान की प्रगति के बारे में उन्हें अवगत कराया।राज्यपाल महोदय ने अपने सम्बोधन में एम्स रायबरेली की हालिया प्रगति एवं उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में ऐसे संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।युवाओं का स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में आह्वान करते हुए एमबीबीएस,नर्सिंग एवं अन्य छात्रों को उनके सफल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।साथ ही उन्होंने कहा कि 2047 के उन्नत भारत के लक्ष्य की नींव स्वस्थ भारत में ही निहित हैं।कैबिनेट मंत्री डॉ मनोज कुमार पांडे ने महामहिम राज्यपाल के सामाजिक जीवन का उल्लेख करते हुए उत्तर प्रदेश में उनके द्वारा किए गए कार्यों का वर्णन किया।कार्यक्रम के अगले चरण में महामहिम राज्यपाल महोदय ने अपने करकमलों से 30 सफाईकर्मियों को प्रोत्साहन प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके स्वच्छता के क्षेत्र में दी गई उत्कृष्ट सेवा को मान्यता प्रदान की।इस अवसर पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधि तथा एम्स रायबरेली के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।