2017 से फरार वारंटी को जीआरपी ने मथुरा में दबोचा

कासगंज। न्यायालय से वर्ष 2017 से लगातार अनुपस्थित चल रहे वारंटी को जीआरपी कासगंज पुलिस ने शनिवार को मथुरा में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदलकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी चलती ट्रेनों में चोरी के साथ अवैध हथियार और शराब तस्करी के मामलों में भी शामिल रहा है। उसके खिलाफ जीआरपी और मथुरा जिले के विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज हैं।

जीआरपी के अनुसार आकाश उर्फ छोटू पुत्र दाऊदयाल सक्सेना निवासी आनंदपुरी, थाना कोतवाली, मथुरा के खिलाफ जीआरपी कासगंज थाने में वर्ष 2017 में धारा 401 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना ठिकाना बदलता रहा। स्थायी पता नहीं होने के कारण पुलिस को उसकी गिरफ्तारी में परेशानी हो रही थी।

पुलिस ने यक्ष एप की सहायता से उसके नवीनतम किराये के निवास के संबंध में जानकारी जुटाई। हालांकि आरोपी लगातार इधर-उधर घूमता रहता था, जिससे उसके सही ठिकाने की जानकारी नहीं हो पा रही थी। इसके बाद जीआरपी कासगंज की टीम ने व्यक्तिगत रूप से पतारसी-सुरागरसी कर उसकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे पुलिस ने उसे मथुरा के बीएसए कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और चलती ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। उसके खिलाफ जीआरपी कासगंज में धारा 401 और 4/25 आर्म्स एक्ट के दो मुकदमों के अलावा जीआरपी मथुरा, वृंदावन, गोविंदनगर और कोतवाली मथुरा में चोरी, अवैध शस्त्र और आबकारी अधिनियम के तहत पांच मुकदमे दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल सतीश कुमार और कांस्टेबल चंदन बाना शामिल रहे।