मंगूपुरा में घर के अंदर गैस सिलिंडर में लगी आग, दमकल टीम ने समय रहते बुझाई

मुरादाबाद। नया मुरादाबाद के मंगूपुरा स्थित सेक्टर-13 में शुक्रवार शाम एक घर में गैस सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और समय रहते आग पर काबू पा लिया।

अग्निशमन विभाग को शाम 7:10 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही 7:11 बजे हैलेट रोड अग्निशमन केंद्र से दमकल की टीम दो वाहनों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। टीम 7:31 बजे मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल के आदेश से घटनास्थल पर अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश के नेतृत्व में टीम ने आग को चारों ओर से घेरकर तत्काल बुझाने की कार्रवाई शुरू की।

दमकल कर्मियों की तत्परता से गैस सिलिंडर में लगी आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। मौके पर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।