हरदोई में दो महिला शिक्षामित्र से चेन लूट का खुलासा, तीन गिरफ्तार, दो चेन, तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद

हरदोई। बेनीगंज पुलिस ने दो महिला शिक्षामित्र से चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई दो पीली धातु की चेन, 12 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 7,220 रुपये नकद बरामद किए हैं। घटना का खुलासा एएसपी लाइन आलोक राज नारायण ने किया।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को बेनीगंज थाना क्षेत्र के लालपुर प्राथमिक विद्यालय के पास यह घटना हुई थी। विद्यालय को कोथावां-संडीला मुख्य मार्ग से करीब 200 मीटर अंदर बताया गया है। शिक्षामित्र कीर्ति बाजपेई निवासी अहिरावा थाना कछौना और पूनम तिवारी पत्नी मनीष निवासी ग्राम नगवा थाना बेनीगंज विद्यालय में ताला बंद कर पैदल मुख्य मार्ग की ओर जा रही थीं। इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात लोगों में से दो ने उतरकर दोनों महिलाओं के गले से चेन छीन ली और संडीला की ओर भाग गए।
मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कल्याणमल क्षेत्र में निबहा मोड़ के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
एएसपी आलोक राज नारायण ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. मफीद उर्फ भूरा पुत्र मतीब, अभय उर्फ लुद्दन पुत्र राजाराम और बकार पुत्र सलीम, निवासीगण मीरनगर अजगवां, थाना संडीला, हरदोई के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने चेन लूट की घटना स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।