अजमेर मंडल में टिकट चेकिंग की समीक्षा, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारी सम्मानित

अजमेर। उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल कार्यालय सभागार में शुक्रवार को टिकट चेकिंग कार्य प्रदर्शन की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिना टिकट यात्रा की रोकथाम, राजस्व अर्जन और टिकट चेकिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, मंडल सुरक्षा आयुक्त योगेंद्र कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार एवं राजकुमार उधवानी सहित वाणिज्य विभाग के अधिकारी और टिकट चेकिंग कर्मचारी मौजूद रहे।

इस दौरान जुलाई 2026 में निर्धारित लक्ष्यों को उत्कृष्ट तरीके से पूरा करने और सराहनीय राजस्व अर्जित करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित कर्मचारियों में नसरुल आबिदीन (डीसीटीआई, अजमेर), जितेंद्र गुर्जर (सीटीआई, अजमेर), देवीलाल (सीटीआई, मारवाड़ जंक्शन), विक्रम सिंह (सीटीआई, आबू रोड) और दिलीप कुमार (सीटीआई, उदयपुर सिटी) शामिल रहे।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने सम्मानित कर्मचारियों के समर्पण और कार्य के प्रति निष्ठा की सराहना की। उन्होंने टिकट चेकिंग दल को भविष्य में भी इसी तत्परता के साथ कार्य करते हुए रेलवे के राजस्व को बढ़ाने और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रेरित किया।