हरदोई में ट्रैक्टर की टक्कर से सास-दामाद की दर्दनाक मौत, हादसे में दामाद का हाथ कटा, सास को दवा दिलाकर रिश्तेदारी में टड़ियावां जा रहा था

हरदोई। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में सीतापुर रोड पर शहबादपुर गांव के पास गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार सास-दामाद की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दामाद का हाथ कटकर करीब 30 मीटर दूर जा गिरा। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर निवासी 25 वर्षीय सुरजीत अपनी 45 वर्षीय सास गुड्डी निवासी नोनखारा, थाना सांडी को दवा दिलाने गुरुवार को बाइक से हरदोई शहर आया था। दवा दिलाने के बाद गुड्डी ने टड़ियावां में रहने वाली अपनी बहन मीना के घर जाने की इच्छा जताई। इस पर सुरजीत उसे बाइक से लेकर टड़ियावां के लिए निकल पड़ा।
परिजनों के मुताबिक, इटौली पुल से टड़ियावां जाने का रास्ता है, लेकिन रात होने के कारण सुरजीत रास्ता भटक गया और सीतापुर रोड की ओर चला गया। इसी दौरान बेनीगंज क्षेत्र के शहबादपुर गांव के पास सामने से या पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सुरजीत का हाथ कटकर दूर जा गिरा।
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार सुरजीत और गुड्डी दोनों दिल्ली में निजी नौकरी करते थे और सोमवार को ही अपने-अपने गांव आए थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।