यात्रियों को राहत: सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल में बढ़ा एक स्लीपर कोच, मुंबई-कानपुर स्पेशल एलएचबी रेक से चलेगी

प्रयागराज। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने दो महत्वपूर्ण विशेष ट्रेनों में बदलाव किया है। सूबेदारगंज-वलसाड विशेष रेलगाड़ी में स्थायी रूप से एक अतिरिक्त स्लीपर कोच बढ़ाया गया है। वहीं मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज विशेष ट्रेन को आधुनिक एलएचबी रेक से संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल में बढ़ा स्लीपर कोच

गाड़ी संख्या 04177/04178 सूबेदारगंज-वलसाड-सूबेदारगंज विशेष ट्रेन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए एक स्लीपर श्रेणी का कोच बढ़ाया गया है। अब ट्रेन में स्लीपर के आठ के स्थान पर नौ कोच होंगे।

गाड़ी संख्या 04177 सूबेदारगंज-वलसाड में यह बदलाव 8 सितंबर 2026 से लागू होगा, जबकि वापसी में गाड़ी संख्या 04178 वलसाड-सूबेदारगंज में संशोधित संरचना 9 सितंबर 2026 से प्रभावी होगी।

संशोधन के बाद ट्रेन में एसएलआर/डी के दो, सामान्य श्रेणी के आठ, स्लीपर श्रेणी के नौ और वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक कोच होगा। इस तरह ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ कोच होंगे।

मुंबई-कानपुर स्पेशल अब एलएचबी रेक से चलेगी

यात्रियों को बेहतर सुविधा और आधुनिक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाड़ी संख्या 09185/09186 मुंबई सेंट्रल-कानपुर अनवरगंज-मुंबई सेंट्रल विशेष ट्रेन के पारंपरिक आईसीएफ रेक को आधुनिक एलएचबी रेक में बदला जाएगा।

वर्तमान में ट्रेन में कुल 18 आईसीएफ कोच हैं। एलएचबी रेक में परिवर्तन के बाद ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे। इनमें एक एसएलआर/डी, एक एसएलआर, चार सामान्य, छह स्लीपर, चार वातानुकूलित तृतीय श्रेणी और एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल होगा।

मुंबई सेंट्रल से कानपुर अनवरगंज जाने वाली गाड़ी संख्या 09185 में यह बदलाव 25 अक्टूबर 2026 से लागू होगा। वहीं गाड़ी संख्या 09186 कानपुर अनवरगंज से मुंबई सेंट्रल के लिए 26 अक्टूबर 2026 से एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी।

रेल प्रशासन के इन बदलावों से यात्रियों को अतिरिक्त स्लीपर बर्थ उपलब्ध होने के साथ आधुनिक एलएचबी रेक वाली ट्रेन में यात्रा का लाभ मिलेगा।