10 हजार की रिश्वत लेते विद्युत विभाग का बाबू ट्रैप, एसीबी ने रंगे हाथों दबोचा; जोधपुर डिस्कॉम कार्यालय में मचा हड़कंप

श्रीगंगानगर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। श्रीगंगानगर एसीबी टीम ने सूरतगढ़ में जोधपुर विद्युत वितरण निगम (JDVVNL) के कार्यालय में कार्रवाई करते हुए एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों ट्रैप किया है।

जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर एसीबी के एएसपी पवन मीणा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। एसीबी को शिकायत मिली थी कि विद्युत विभाग के कार्यालय में कार्यरत बाबू सुधीर द्वारा एक काम के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और आज सूरतगढ़ स्थित विद्युत विभाग के कार्यालय में ही बाबू सुधीर को 10,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।

एसीबी की कार्रवाई के बाद जोधपुर डिस्कॉम कार्यालय में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की भनक लगते ही कई कार्मिक कार्यालय से गायब हो गए। एसीबी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

बताया जा रहा है कि आरोपी के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। एसीबी जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा करेगी।