दूधाधारी क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की मांग,  ठाकुर शिवम राघव ने सौंपा ज्ञापन

खेरागढ़। विधानसभा खेरागढ़ के दूधाधारी क्षेत्र में युवाओं के लिए खेल सुविधाएं विकसित करने की मांग को लेकर युवा राष्ट्रीय लोकदल के जिला महासचिव और संगठन प्रभारी ठाकुर शिवम राघव ने राष्ट्रीय लोक दल के जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा एवं युवा जिला अध्यक्ष रविन्द्र चाहर से मुलाकात की। टीम ने महात्मा दूधाधारी बाबा के नाम से मिनी स्टेडियम बनवाने की मांग को लेकर अपनी पूरी टीम के साथ ज्ञापन सौंपा।

टीम के सदस्यों ने बताया कि दूधाधारी क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा विभिन्न खेलों में रुचि रखते हैं, लेकिन उचित खेल मैदान और सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मिनी स्टेडियम बनने से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।

इस मौके पर राष्ट्रीय लोक दल जिला अध्यक्ष गोविंद शर्मा ने युवाओं को आश्वासन देते हुए कहा कि पार्टी युवाओं के साथ खड़ी है। मिनी स्टेडियम की मांग को लेकर पूर्ण रूप से प्रयास किया जाएगा और जल्द से जल्द इसे बनवाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

युवा राष्ट्रीय लोकदल के जिला महासचिव और संगठन प्रभारीठाकुर शिवम राघव ने जिला एवं युवा जिला अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं के हित में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास जारी रहेंगे।