जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर सट्टे की खाईबाड़ी करते युवक को पकड़ा, 280 रुपये और सट्टा पर्ची बरामद

कासगंज। रेलवे स्टेशन कासगंज के प्लेटफार्म नंबर एक पर सट्टे की खाईबाड़ी कर रहे एक व्यक्ति को जीआरपी ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा पर्ची, एक गत्ता, पेन और 280 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

जीआरपी के अनुसार शुक्रवार सुबह चेकिंग के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर पार्सल ऑफिस के पास बाउंड्रीवाल के निकट एक व्यक्ति सट्टे की खाईबाड़ी करता मिला। पुलिस ने मौके पर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम सोनू चौहान निवासी गांव जखा थाना अमांपुर, कासगंज बताया। वर्तमान में वह जयजय राम मोहल्ला, बीएसएनएल टावर के पास थाना कोतवाली कासगंज में रह रहा है। उसकी उम्र करीब 40 वर्ष है।

तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक गत्ता, एक पेन, एक सट्टा पर्ची और 280 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर जीआरपी कासगंज में मुकदमा अपराध संख्या 19/2026 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई।

पुलिस के अनुसार सोनू चौहान के खिलाफ अमांपुर थाने में वर्ष 2015 में बोलेरो चोरी से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। जीआरपी ने आरोपी को आदतन अपराधी बताया है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक मो. नाजिर, कांस्टेबल जीतू कुमार और कांस्टेबल विवेक कुमार शामिल रहे।