त्योहारों में यात्रियों को बड़ी राहत, उत्तर मध्य रेलवे ने बढ़ाई स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि

प्रयागराज। आगामी कृष्ण जन्माष्टमी, पूजा और त्योहारी सीजन के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने कई प्रमुख स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे बरौनी, दरभंगा, ग्वालियर, हुब्बली और यशवंतपुर रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सेवाओं का लाभ मिलेगा और कंफर्म टिकट की उपलब्धता बढ़ने की उम्मीद है।

गाड़ी संख्या 02563/02564 बरौनी-नई दिल्ली-बरौनी दैनिक स्पेशल का संचालन बढ़ाया गया है। बरौनी से नई दिल्ली जाने वाली 02563 स्पेशल 4 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रतिदिन चलेगी, जबकि नई दिल्ली से बरौनी जाने वाली 02564 स्पेशल 5 सितंबर से 1 दिसंबर तक प्रतिदिन संचालित होगी। दोनों दिशाओं में 88-88 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे।

इसी तरह गाड़ी संख्या 02569/02570 दरभंगा-नई दिल्ली-दरभंगा दैनिक स्पेशल भी यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी। दरभंगा से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन 4 सितंबर से 30 नवंबर तक और नई दिल्ली से दरभंगा जाने वाली ट्रेन 5 सितंबर से 1 दिसंबर तक प्रतिदिन चलेगी। दोनों ट्रेनों के 88-88 अतिरिक्त फेरे होंगे।

गाड़ी संख्या 04137/04138 ग्वालियर-बरौनी-ग्वालियर द्विसाप्ताहिक स्पेशल का संचालन भी बढ़ाया गया है। ग्वालियर से बरौनी जाने वाली ट्रेन 29 सितंबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी, जबकि बरौनी से ग्वालियर जाने वाली ट्रेन 30 सितंबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को संचालित होगी। इस ट्रेन के 18-18 अतिरिक्त फेरे होंगे। ट्रेन में कुल 20 आईसीएफ कोच लगाए जाएंगे, जिसमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक, छह स्लीपर, चार चेयर कार, छह सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर/डी कोच शामिल होंगे।

प्रयागराज से एसएसएस हुब्बली के बीच चलने वाली गाड़ी संख्या 04113/04114 साप्ताहिक स्पेशल का संचालन भी बढ़ाया गया है। प्रयागराज से हुब्बली जाने वाली ट्रेन 3 अक्टूबर से 12 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार और हुब्बली से प्रयागराज आने वाली ट्रेन 6 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। दोनों दिशाओं में 11-11 अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। इस ट्रेन को चिकजाजूर स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव भी दिया गया है। 04113 स्पेशल यहां सुबह 10:50 से 10:53 बजे तक और 04114 स्पेशल सुबह 11:50 से 11:53 बजे तक रुकेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 04149/04150 प्रयागराज-यशवंतपुर-प्रयागराज साप्ताहिक स्पेशल की अवधि भी बढ़ाई गई है। प्रयागराज से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन 30 सितंबर से 9 दिसंबर तक प्रत्येक बुधवार और यशवंतपुर से प्रयागराज आने वाली ट्रेन 3 अक्टूबर से 12 दिसंबर तक प्रत्येक शनिवार को संचालित होगी। इस ट्रेन के भी दोनों दिशाओं में 11-11 अतिरिक्त फेरे होंगे।

रेलवे के इस फैसले से त्योहारी सीजन में घर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा। विशेष ट्रेनों के संचालन से भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।