लोकनाथ ब्रह्मचारी जयंती पर श्रद्धालुओं के लिए चलेगी अतिरिक्त ईएमयू स्पेशल ट्रेन

कोलकाता। श्री श्री लोकनाथ ब्रह्मचारी की पवित्र जन्म जयंती के अवसर पर कचुआ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व रेलवे ने विशेष व्यवस्था की है। 4 सितंबर 2026 को सियालदह मंडल की ओर से बारासात?हसनाबाद रेलखंड पर एक जोड़ी अतिरिक्त ईएमयू स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।

रेलवे के अनुसार, कांकड़ा मिर्जानगर हॉल्ट स्टेशन के निकट स्थित कचुआ धाम में जयंती समारोह के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए विशेष ट्रेन सेवा शुरू की गई है।

बारासात?हसनाबाद ईएमयू स्पेशल बारासात से रात 12:45 बजे रवाना होकर 2:05 बजे हसनाबाद पहुंचेगी। वहीं हसनाबाद?बारासात ईएमयू स्पेशल हसनाबाद से रात 12:45 बजे चलकर 2:05 बजे बारासात पहुंचेगी।

बारासात से चलने वाली विशेष ट्रेन कांकड़ा मिर्जानगर हॉल्ट स्टेशन पर रात 1:21 से 1:22 बजे तक तथा हसनाबाद से चलने वाली ट्रेन 1:23 से 1:24 बजे तक ठहरेगी। दोनों ट्रेनों का यहां एक मिनट का ठहराव होगा।

रेलवे ने बताया कि दोनों ईएमयू स्पेशल ट्रेनें अपने निर्धारित मार्ग पर फ्लैग एवं हॉल्ट स्टेशनों समेत सभी स्टेशनों पर ठहरेंगी। इससे कचुआ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ अन्य यात्रियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।

पूर्व रेलवे की इस विशेष व्यवस्था से लोकनाथ ब्रह्मचारी जयंती के अवसर पर कचुआ धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा की सुविधा मिलने की उम्मीद है।