36 वर्ष की समर्पित रेल सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर गोवर्धन प्रसाद खूटे

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय बिलासपुर में सोमवार को लंबे और समर्पित रेल सेवाकाल को पूर्ण करने वाले दो रेलकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर गोवर्धन प्रसाद खूटे तथा केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर के हॉस्पिटल असिस्टेंट श्री रमेश सेवानिवृत्त हुए।

महाप्रबंधक कार्यालय में आयोजित समारोह में गोवर्धन प्रसाद खूटे को उनकी 36 वर्षों की समर्पित रेल सेवा के लिए सम्मानित किया गया। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया और सेवा से संबंधित बंदोबस्त राशि का चेक सौंपा।

इस अवसर पर महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने श्री खूटे की कर्तव्यनिष्ठा, जिम्मेदारियों के प्रति समर्पण और रेलवे की सेवा में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने उनके सेवानिवृत्त जीवन के स्वस्थ, सुखद एवं समृद्ध होने की कामना की। समारोह में रेलवे के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वहीं, केंद्रीय चिकित्सालय, बिलासपुर में आयोजित कार्यक्रम में हॉस्पिटल असिस्टेंट रमेश को 32 वर्षों की समर्पित रेल सेवा पूर्ण करने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी दर्शनीता बोरा अहलूवालिया ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी बंदोबस्त राशि का चेक सौंपा। इस दौरान प्रधान वित्त सलाहकार श्री एस.एस. राजू भी उपस्थित रहे।

रेलवे अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों की लंबी और निष्ठापूर्ण सेवाओं की सराहना करते हुए उनके आगामी जीवन के लिए स्वस्थ, सुखमय, उज्ज्वल एवं समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे परिवार ने दोनों कर्मचारियों के महत्वपूर्ण योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया।