हरदोई में भाजपा विधायक के भतीजे पर हमला, सिर में गंभीर चोट, सपा जिला पंचायत सदस्य के ससुर समेत कई पर मारपीट का आरोप

हरदोई। सवायजपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच हुए विवाद में भाजपा विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह रानू के भतीजे अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक घायल हो गए। आरोप है कि उन्हें घेरकर हमला किया गया, जिसमें सिर में गंभीर चोट आई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि सवायजपुर क्षेत्र में फायरिंग की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह और जागेश्वर पाल के बीच विवाद की जानकारी हुई। पुलिस के अनुसार मौके पर हवाई फायरिंग की बात भी सामने आई है। इसी दौरान विपक्षी पक्ष द्वारा छत से विवेक सिंह के सिर पर ईंट आदि से प्रहार किए जाने की बात बताई गई, जिससे वह घायल हो गए।
घायल को पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों ने उन्हें कटियारी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार सिर में चोट है और गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि घायल की स्थिति सामान्य है और मेडिकल एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, घायल विवेक सिंह के चाचा एवं ब्लॉक प्रमुख संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह उर्फ सेनानी ने आरोप लगाया कि विवेक अपने विद्यालय गए थे। विद्यालय के सामने समाजवादी पार्टी के जिला पंचायत सदस्य के ससुर जागेश्वर पाल, राजेश्वर पाल आदि रहते हैं, जहां पर बाहरी लोगों का जमावड़ा रहता है। धीरेंद्र सिंह के मुताबिक, विवेक ने विद्यालय में आने वाले बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए वहां अराजकतत्वों के बैठने का विरोध किया था।
उनका आरोप है कि इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने लोगों को इकट्ठा कर विवेक को घेर लिया और हमला किया। उन्होंने दावा किया कि हमले में धारदार हथियार से भी वार किया गया, जिससे विवेक के सिर में गंभीर चोट आई। हालांकि, पुलिस की जांच में अभी धारदार हथियार के इस्तेमाल की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले में साक्ष्यों और तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है।