आवास के नाम पर पैसा मांगने को लेकर प्रधान ने ग्रामीण को पीटा

आवास के नाम पर 18 हजार रुपये मांगने का आरोप, पैसे वापस मांगने पर ग्रामीण की पिटाई

बरखेड़ा। गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम उगनपुर में सरकारी आवास दिलाने के नाम पर कथित रूप से 18 हजार रुपये लेने और रुपये वापस मांगने पर ग्रामीण की पिटाई करने के आरोप का मामला सामने आया है। घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित सुम्मेर लाल की पत्नी रामलली ने बताया कि करीब तीन वर्ष पूर्व उन्होंने सरकारी आवास दिलाने के नाम पर ग्राम प्रधान ओमकार को 18 हजार रुपये दिए थे। सोमवार सुबह वह अपने पुत्र बिपिन के साथ रुपये वापस मांगने प्रधान के घर पहुंचे। आरोप है कि रुपये मांगने पर प्रधान आगबबूला हो गया और अपने परिजनों के साथ मिलकर दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान बिपिन मौके से भाग निकला, जबकि सुम्मेर लाल को घेरकर लाठी-डंडों से पीटा गया।
पीड़ित का आरोप है कि प्रधान ओमकार के साथ हुकम सिंह और चन्द्रसेन ने भी मारपीट की। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायल को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद परिजनों ने एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें सीएचसी बरखेड़ा पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है।
प्रधान ओमकार ने बताया कि दरबाजे पर गाली गलौज कर रहा था मेरे पुत्र द्वारा धक्का देकर भगा दिया गया था।