जालंधर सिटी स्टेशन पर विशेष टिकट जांच अभियान, 494 यात्री पकड़े

जालंधर। बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए फिरोजपुर मंडल द्वारा 22 अगस्त 2026 को जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। ?फोर्ट्रेस चेक? के तहत चलाए गए इस अभियान का नेतृत्व सहायक वाणिज्य प्रबंधक श्री राज कुमार ने किया।

अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम ने स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के टिकटों की व्यापक जांच की। जांच में 494 यात्री बिना टिकट अथवा अनियमित यात्रा करते पाए गए। इन यात्रियों से रेलवे ने करीब 4.17 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया।

टिकट जांच के साथ ही सहायक वाणिज्य प्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और खानपान व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

रेलवे के अनुसार ?फोर्ट्रेस चेक? एक विशेष सघन टिकट जांच अभियान है, जिसके तहत बिना पूर्व सूचना स्टेशन, ट्रेन या रेलखंड में व्यापक स्तर पर टिकट, पहचान पत्र और रेलवे नियमों के अनुपालन की जांच की जाती है। इसका उद्देश्य बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना और यात्रियों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील की कि वे हमेशा वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए इस तरह के विशेष जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।