Chandauli News:लखनऊ से लौटते ही पीड़ित परिवार के घर पहुंचे विधायक कैलाश खरवार 18 माह की मासूम से दुष्कर्म की घटना पर विधायक ने जताई गहरी संवेदना, आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। नगर क्षेत्र में 18 माह की मासूम बच्ची के साथ हुई दुष्कर्म की घटना ने पूरे चकिया क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।घटना की जानकारी सामने आने के बाद से ही लोगों में भारी आक्रोश और गहरी चिंता देखने को मिल रही है।घटना को लेकर जहां आमजन आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं जनप्रतिनिधियों की ओर से भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया जा रहा है।

इसी क्रम में चकिया विधायक कैलाश खरवार ने पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनशीलता दिखाते हुए लगातार संपर्क बनाए रखा। लखनऊ में रहने के दौरान भी विधायक ने टेलीफोन के माध्यम से परिवार का हाल जाना और घटना की जानकारी लेते रहे। वहीं लखनऊ से वापस लौटने के बाद विधायक ने अन्य कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के बजाय सीधे पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।विधायक के अचानक पीड़ित परिवार के बीच पहुंचने पर परिजनों ने उन्हें पूरी घटना और उसके बाद की परिस्थितियों से अवगत कराया। विधायक ने दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इस अमानवीय घटना को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि मासूम बच्ची के साथ हुई घटना बेहद पीड़ादायक और मानवता को शर्मसार करने वाली है। ऐसे अपराध में दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए। विधायक ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर संभव स्तर पर उनके साथ खड़े रहेंगे और मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रशासन से लगातार बात करेंगे।विधायक ने परिजनों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर वह तत्काल उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, प्रभावी कार्रवाई और पीड़ित परिवार की सुरक्षा एवं सहायता को लेकर भी गंभीरता बरतने की अपेक्षा जताई।विधायक के पीड़ित परिवार के घर पहुंचने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भी इसकी चर्चा होने लगी। लोगों ने घटना की निंदा करते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ इस तरह की घटना किसी भी सभ्य समाज के लिए बेहद चिंताजनक है और दोषी को कानून के तहत कठोरतम सजा मिलनी चाहिए।इस दौरान सभासद रवि गुप्ता, भाजपा नेता सुशील जायसवाल सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की।