चकिया में डेढ़ वर्षीय मासूम से दुष्कर्म,मेडिकल को लेकर भी उठे सवाल परिजनों का आरोप  चिकित्सा कर्मी ने मेडिकल से किया इनकार, चंदौली तक भटकने के बाद जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से हुई जांच

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय�

चकिया। कोतवाली क्षेत्र में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है।बच्ची के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी बच्ची का पड़ोसी बताया जा रहा है। घटना के बाद से वह फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।�

पीड़ित बच्ची के पिता के अनुसार, वह चकिया क्षेत्र में चाउमीन की दुकान चलाते हैं। गुरुवार रात घटना के समय उनकी पत्नी और डेढ़ वर्षीय बेटी घर पर थीं। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक अक्सर बच्ची को खिलाने और टॉफी दिलाने के बहाने घर आता-जाता था। परिवार बच्ची की जान-पहचान होने के कारण उस पर विश्वास करता था।आरोप है कि गुरुवार रात आरोपी ने इसी परिचय और विश्वास का फायदा उठाकर बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गया।

*पत्नी के फोन के बाद घर पहुंचे पिता*
पीड़ित बच्ची के पिता ने बताया कि गुरुवार रात उनकी पत्नी ने फोन कर बेटी की तबीयत खराब होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह घर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत देखकर वह घबरा गए। इसके बाद उन्होंने परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी ली और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को सूचना देने का निर्णय लिया।शुक्रवार सुबह बच्ची के पिता चकिया कोतवाली पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पिता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर अंततः आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों को जुटा रही है। बच्ची की चिकित्सकीय जांच और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी पूर्ण की जा चुकी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


*मेडिकल को लेकर परिजनों को चकिया से चंदौली तक दौड़ाने का आरोप*
चकिया।घटना के बाद बच्ची के मेडिकल को लेकर भी परिजनों को कथित तौर पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि चकिया में तैनात चिकित्साकर्मी रोमा विश्वकर्मा ने बच्ची का मेडिकल करने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों को चकिया से चंदौली जिला अस्पताल भेजा गया।परिजनों के अनुसार, चंदौली जिला अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें वहां से भी वापस चकिया भेज दिया गया। इस दौरान गंभीर घटना की पीड़ित मासूम बच्ची और उसके परिजनों को चकिया से चंदौली तक दौड़ना पड़ा। मामले की जानकारी मिलने के बाद जनप्रतिनिधियों की ओर से हस्तक्षेप किया गया, जिसके बाद बच्ची का मेडिकल कराया जा सका।मेडिकल को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर संबंधित चिकित्सा कर्मी का पक्ष सामने आना अभी बाकी है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

*घटना के बाद परिवार में भय और आक्रोश*
चकिया।घटना के बाद पीड़ित परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

*मासूम के साथ दरिंदगी के बाद जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर सवाल*
चकिया। नगर क्षेत्र में डेढ़ वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी की घटना सामने आने के बाद भी सत्ता पक्ष या विपक्ष के किसी जनप्रतिनिधि की ओर से घटना को लेकर सार्वजनिक बयान सामने नहीं आया।लोगों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बाद पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने और घटना पर दुख व्यक्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों की ओर से पहल होनी चाहिए थी।घटना को लेकर किसी भी जनप्रतिनिधि की ओर से सार्वजनिक रूप से दुख व्यक्त नहीं किए जाने को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। लोगों का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ हुई इस गंभीर घटना पर राजनीतिक दलों से जुड़े जनप्रतिनिधियों को संवेदनशीलता दिखाते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवाज उठानी चाहिए।
बच्ची की चिकित्सकीय जांच, उपलब्ध साक्ष्यों का संकलन और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

*मासूम से दरिंदगी के बाद व्यापार मंडल में दिखा आक्रोश*
चकिया।मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी की घटना के बाद व्यापार मंडल में भी आक्रोश देखने को मिला। व्यापार मंडल अध्यक्ष विष्णु जायसवाल, व्यापारी नेता मोहन वर्मा, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष राजू वर्मा, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष अरविंद मोदनवाल इत्यादि के नेतृत्व में व्यापारियों ने नगर में भ्रमण कर लोगों से दुकानें बंद रखने की अपील की। इसके बाद व्यापारी गांधी पार्क तिराहे पर एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और कठोर से कठोर सजा देने की मांग करने लगे।व्यापारियों के धरना-प्रदर्शन की सूचना पर सीओ अजीत सिंह चौहान और थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारियों से वार्ता की।अधिकारियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।अधिकारियों के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया और अपने काम पर लौट गए।देर शाम बाजार में बंद हुई दुकानें भी दोबारा खुल गईं।