विद्यालयों में शिक्षा और सुविधाओं की गुणवत्ता पर सीडीओ का जोर, निरीक्षण कर दिए जरूरी निर्देश

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी ने ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का किया निरीक्षण

शत-प्रतिशत छात्र उपस्थिति, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर विद्यालयी व्यवस्थाओं पर दिया जोर

मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने शुक्रवार को मुरादाबाद ग्रामीण विकास क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उच्च प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कंपोजिट तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय चौधरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी, मुरादाबाद ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान दोनों विद्यालयों में परीक्षाएं संचालित पाई गईं। उच्च प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कंपोजिट में कक्षा 1 से 8 तक तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय चौधरपुर में कक्षा 6 से 8 तक अंग्रेजी विषय की परीक्षा आयोजित हो रही थी।

सीडीओ ने विद्यालयों में सकारात्मक, अनुशासित एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कक्षाओं, शौचालयों और हैंडवॉश क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए विद्यालय परिसर में पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उच्च प्राथमिक विद्यालय सिकंदरपुर कंपोजिट में 64 छात्र-छात्राओं तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय चौधरपुर में 134 विद्यार्थियों के सापेक्ष शत-प्रतिशत नामांकन एवं छात्र उपस्थिति पाई गई। सीडीओ ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सिकंदरपुर कंपोजिट विद्यालय की बाउंड्रीवॉल के पुनर्निर्माण एवं मिट्टी भराव के लिए खंड विकास अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष-कक्ष के निर्माण के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

सीडीओ ने विद्यालयों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं निर्धारित मेन्यू के अनुसार वितरण की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित मेन्यू के अनुरूप विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय चौधरपुर के खेल मैदान में आवश्यक मिट्टी भराव कराने के निर्देश भी खंड विकास अधिकारी को दिए गए, ताकि विद्यार्थियों को खेलकूद के लिए बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी, मुरादाबाद ग्रामीण को निर्देशित किया गया कि कोई भी बच्चा विद्यालय से बाहर न रहे और सभी पात्र बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित कराया जाए।

सीडीओ मृणाली अविनाश जोशी के निरीक्षण से ग्रामीण क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता, स्वच्छता, छात्र उपस्थिति और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में प्रशासन की गंभीरता सामने आई है। प्रशासन का उद्देश्य बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराकर उनके सर्वांगीण विकास को गति देना है।