पचोर से मस्कट तक पहुंचा हास्य कविता का सफर, चेतन चर्चित ने बढ़ाया राजगढ़ का गौरव

संवाददाता जगदीश सिसोदिया-राजगढ़ जिले के पचोर से निकलकर हास्य कविता के मंच पर देशभर में पहचान बनाने वाले कवि चेतन चर्चित अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने जा रहे हैं। 21 अगस्त को ओमान की राजधानी मस्कट में आयोजित कवि सम्मेलन में वे अपनी हास्य कविताओं और चुटीले व्यंग्य से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे। चेतन चर्चित का यह सफर पचोर से शुरू होकर देशभर के मंचों तक पहुंचा। वे अब तक देशभर में आयोजित 1000 से अधिक कवि सम्मेलनों में काव्यपाठ कर चुके हैं। हास्य कविता, चुटीले व्यंग्य और प्रभावी मंचीय प्रस्तुति उनकी पहचान बनी है। इससे पहले वे नेपाल और दुबई में भी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर हिंदी कविता प्रस्तुत कर चुके हैं।राष्ट्रीय टेलीविजन के चर्चित कार्यक्रमों में भी चेतन चर्चित अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। वे स्टार प्लस के लोकप्रिय कार्यक्रम ?द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज में शामिल हुए हैं। इसके अलावा ?वाह भाई वाह?, ?कवि युद्ध? और ?हंसाने का मुखिया कौन? जैसे चर्चित काव्य कार्यक्रमों में भी उनकी प्रस्तुतियां हो चुकी हैं। काव्य एवं मंचीय क्षेत्र में योगदान के लिए चेतन चर्चित को युवा चकल्लस सम्मान, यूथ आइकॉन अवार्ड, वैश्य समाज गौरव सम्मान, दिलीप चंचल सम्मान, सर्वपल्ली राधाकृष्णन पुरस्कार और हास्य रत्न अलंकरण सहित कई सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।अब उनके सफर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव 21 अगस्त को मस्कट में देखने को मिलेगा। इंडियन सोशल ग्रुप के हिंदी विंग द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन में चेतन चर्चित अपनी हास्य कविताओं और व्यंग्य से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। इस अवसर पर ओमान सल्तनत में भारत गणराज्य के राजदूत प्रशांत पिसे साहित्य और मंचीय क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें सम्मानित करेंगे। पचोर जैसे छोटे शहर से शुरू हुआ चेतन चर्चित का हास्य और हिंदी कविता का सफर अब ओमान तक पहुंच चुका है। मस्कट के मंच से वे विदेशी धरती पर हिंदी कविता और भारतीय साहित्य की खुशबू बिखेरने के साथ राजगढ़ जिले का गौरव भी बढ़ाएंगे।