हरियाली तीज पर झूले में विराजे राधा नील माधव, भजन-संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

वृंदावन। नगर की गणेश सिटी सोसाइटी स्थित ठाकुर राधा नील माधव मंदिर में शनिवार को हरियाली तीज एवं झूलन उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर ठाकुर जी के दिव्य झूलन दर्शन किए।
महाराज प्रणव अवस्थी जी के सानिध्य में आयोजित उत्सव के दौरान ठाकुर राधा नील माधव का हरे वस्त्रों एवं आकर्षक आभूषणों से अलौकिक श्रृंगार किया गया। इसके बाद ठाकुर जी को सुंदर पुष्पों से सजे हिंडोले में विराजमान कराया गया।
झूले में विराजमान ठाकुर जी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और भक्तों ने श्रद्धा के साथ भगवान के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महाराज प्रणव अवस्थी ने हरियाली तीज एवं झूलन उत्सव के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सावन का महीना प्रकृति में हरियाली और नवजीवन का संदेश लेकर आता है।
जिस प्रकार सावन की हरियाली प्रकृति को नवजीवन प्रदान करती है, उसी प्रकार राधा-कृष्ण की भक्ति मनुष्य के जीवन में आनंद, शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती है। उन्होंने कहा कि भगवान के झूलन दर्शन और भक्ति-संकीर्तन मन को शांति प्रदान करते हैं तथा श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति से जोड़ते हैं।
दोपहर तीन बजे से श्रद्धालुओं के लिए ठाकुर जी के विशेष झूलन दर्शन शुरू हुए।
इस दौरान भक्तों ने कतारबद्ध होकर ठाकुर जी के मनमोहक स्वरूप के दर्शन किए। मंदिर में गूंजते भजन और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
झूलन दर्शन के बाद भजन-संकीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तों ने भजनों पर भाव-विभोर होकर सहभागिता की। देर तक चले भजन-संकीर्तन से मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।श्रद्धालुओं ने हरियाली तीज के इस पावन अवसर पर ठाकुर श्री राधा नील माधव जी से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।