अलीगढ़ में अग्निशमन विभाग ने मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस, तिरंगे के साथ दिया एकता और सुरक्षा का संदेश

अलीगढ़। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद अलीगढ़ के समस्त अग्निशमन केंद्रों एवं फायर स्टेशन बन्नादेवी पर स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अलीगढ़ द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई। इसके बाद राष्ट्रगान का आयोजन किया गया।

समारोह के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं जवानों ने पूर्ण निष्ठा, अनुशासन, साहस और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। अग्निशमन कर्मियों ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।

इसी क्रम में ?हर घर तिरंगा? अभियान के तहत फायर स्टेशन बन्नादेवी से नुमाइश ग्राउंड तिराहा, तहसील कोल तिराहा, मसूदाबाद चौराहा, श्री अग्रसेन चौक कटपुला एवं गांधीपार्क बस स्टैंड तक जागरूकता अभियान चलाया गया। अग्निशमन विभाग के जवान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर आमजन के बीच पहुंचे और लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ अग्नि सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया।

अभियान के दौरान नागरिकों को आग से बचाव के उपायों, सावधानियों तथा आपात स्थिति में सुरक्षित रहने के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। अग्निशमन विभाग की इस पहल से स्वतंत्रता दिवस समारोह में देशभक्ति के साथ जनसुरक्षा का संदेश भी प्रभावी रूप से पहुंचाया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुकेश कुमार एवं अग्निशमन अधिकारी बन्नादेवी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता, गौरव और नागरिक सुरक्षा के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता को उजागर किया।